
वर्ल्ड कप 2023 तो ऑस्ट्रेलिया की जीत के साथ खत्म हो गया. लेकिन, जिस खिलाड़ी ने वेस्टइंडीज को 2016 में चैंपियन बनाया, उस पर बैन लगा दिया गया है. हम बात कर रहे हैं मार्लन सैमुएल्स की, जो साल 2016 में भारत में खेले T20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज की जीत के मुख्य नायक रहे थे. सैमुएल्स पर अब बैन लग चुका है और ये बैन उनपर ECB यानी अमीरात क्रिकेट बोर्ड ने लगाया है. सैमुएल्स पर बैन 6 साल के लिए लगाया गया है.
अब सवाल है कि मार्लन सैमुएल्स से आखिर गुनाह क्या हुआ, जिसकी उन्हें सजा मिली? तो बता दें कि सैमुएल्स से गुनाह ये हुआ है कि उन्होंने क्रिकेट का कानून तोड़ा है. क्रिकेट में करप्शन के आरोपों को लेकर वेस्टइंडीज के मार्लन सैमुएल्स पर ECB की एंटी करप्शन यूनिट ने बैन लगाया है. बैन के बाद मार्नल सैमुएल्स अब 6 साल तक क्रिकेट के किसी भी फॉर्म में हिस्सा नहीं ले सकते.
इन ‘4 गुनाहों’ के बदले मिली सजा
मार्लन सैमुएल्स पर ICC ने सितंबर 2021 में जो आरोप मढ़े थे, उसमें उन्हें इस साल अगस्त में दोषी पाया गया था. दोषी पाए जाने के बाद सिर्फ सजा सुनानी रह गई है, जो प्रक्रिया अब पूरी कर दी गई. सैमुएल्स को 4 मामलों में दोषी पाया गया है, जो कि आचार संहिता के नियम 2.4.2, 2.4.3, 2.4.6 और 2.4.7 के उल्लंघन से जुड़े हैं.
आचार संहिता के इन 4 नियमों में से 3 नियम एंटी करप्शन यूनिट के अधिकारी को किसी भी उपहार, भुगतान, आतिथ्य या दूसरे लाभ की प्राप्ति का खुलासा करने में नाकामी से संबंधित है. इसके अलावा ये नियम जांच में सहयोग नहीं करने, उसमें बाधा डालने से जुड़े हैं.
from TV9 Bharatvarsh- Hindi News, Hindi Samachar (समाचार), हिंदी न्यूज़ https://ift.tt/yGm4IXv