
पोंजी स्कीम घोटाले में केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तमिलनाडु के त्रिची के मशहूर प्रणव ज्वेलर्स के ठिकाने पर छापमारी की है. बतादें, मशहूर अभिनेता प्रकाश राज प्रणव जेवेलर्स की एडवरटाइजिंग करते थे. वहीं अब माना जा रहा है कि इस मामले में प्रकाश राज से भी पूछताछ हो सकती है.
ईडी सूत्रों के मुताबिक, तमिलनाडु के त्रिची के मशहूर प्रणव ज्वेलर्स के यहां PMLA के तहत सर्च ऑपरेशन के दौरान कई ऐसे कागजात मिले हैं, जिससे करीब 23 लाख 70 हजार रुपए के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिली है. इतना ही नहीं, ईडी ने सर्च के दौरान 11 किलो 60 ग्राम सोने के गहनों को भी जब्त किया है.
क्या है पूरा मामला
ईडी ने त्रिची की जांच आर्थिक अपराध शाखा द्वारा दर्ज एक एफआईआर के बाद प्रणव ज्वेलर्स के खिलाफ़ PMLA के तहत केस दर्ज किया. इस एफआईआर में आरोप है कि प्रणव ज्वेलर्स ने जनता से मोटा रिटर्न देने का वादा कर करीब 100 करोड़ रुपए सोने से जुड़ी एक पोंजी स्कीम (गोल्ड स्कीम) में में निवेश करवाया. लेकिन, बाद में प्रणव ज्वेलर्स अपने वादे से मुकर गया और तमिलनाडु में तमाम शोरूम रातो-रात बन्द कर दिए.
ये भी पढ़ें: 2 दिन के लिए ED हमें दे दो, बता देंगे क्या होता है: पवन खेड़ा
प्रणव ज्वेलर्स के चेन्नई, इरोड, नागरकोइल, मदुरै, कुंबकोणाम और पुदुचेरी जैसे शहरों में बड़े शोरूम थे, जहां लोगों ने इस गोल्ड स्कीम में 1 लाख से लेकर 1 करोड़ रुपये तक इन्वेस्ट किये थे, लेकिन बाद में सभी ठगे गए.
प्रकाश राज थे प्रणव ज्वेलर्स के ब्रांड एम्बेसडर
चन्द्रयान-3 पर अपनी आपत्तिजनक टिप्पणी और पहले भी अपने बयानों को लेकर विवादों में रहे नामी एक्टर प्रकाश राज प्रणव ज्वेलर्स के ब्रांड एम्बेसडर थे. वहीं इस ज्वेलर्स कंपनी के विज्ञापन का चेहरा रहे हैं. लेकिन, जैसे ही, प्रणव ज्वेलर्स की कारगुजारियों का खुलासा हुआ उन्होंने चुप्पी साध ली. सूत्रों के मुताबिक, ऐसे में वो भी अब जांच एजेंसी के रडार पर हैं, उन्हें भी जल्द ईडी इस मामले में समन कर पूछताछ के लिए बुला सकती है.
पोंजी स्कीम से बटोरे गए 100 करोड़ रुपये
जनता से गोल्ड स्कीम के जरिए इकट्ठा किया गए 100 करोड़ रुपये प्रणव ज्वेलर्स लोगों ने कई शेल कंपनियों के जरिये ठिकाने लगाया, जिसकी जानकारी ईडी के हाथ लगी है. ईडी के मुताबिक जांच के दौरान पता चला है कि प्रणव ज्वेलर्स और उससे जुड़े लोगों ने धोखाधड़ी से हासिल किए इन पैसों को दूसरी शेल कंपनी में डायवर्ट कर दिया, जिसके बाद बुधवार को प्रणव ज्वेलर्स के ठिकानों पर रेड की गई.
from TV9 Bharatvarsh- Hindi News, Hindi Samachar (समाचार), हिंदी न्यूज़ https://ift.tt/oMAVIRO