
तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार आज थम गया. चुनाव प्रचार के आखिरी दिन मंगलवार को कांग्रेस नेता और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी हैदराबाद के नामपल्ली में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य देश में नफरत खत्म करना है और इसके लिए केंद्र में पीएम मोदी को हराना बहुत जरूरी है.
चुनावी सभा में राहुल गांधी ने यह आरोप भी लगाया कि कट्टरपंथियों ने पूरे देश में नफरत फैला दी है. उन्होंने भाषण के दौरान कहा कि कांग्रेस ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने का नारा दिया था. राहुल ने दावा किया कि उनके खिलाफ 24 मामले दर्ज किए गए, क्योंकि वो पीएम मोदी के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं.
यह भी पढ़ें- केसीआर के सामने सत्ता ही नहीं सीट बचाने की भी चुनौती, कांग्रेस-बीजेपी ने की घेराबंदी?
राहुल ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ जब मानहानि के मामले में दो साल की सजा मिली. मेरी लोकसभा की सदस्यता रद्द कर दी गई. सरकारी बंग्ला छीन लिया गया. मैंने कहा कि मेरा घर देश के करोड़ों गरीबों के दिलों में हैं. उन्होंने कहा कि लड़ाई वैचारिक है और मैं इससे समझौता नहीं कर सकता.
राहुल ने ओवैसी पर भी साधा निशाना
कांग्रेस नेता ने इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पर भी हमला बोला. उन्होंने सवाल किया कि आखिर हैदराबाद के सांसद के खिलाफ कितने मामले दर्ज हैं? लेकिन क्या कोई एजेंसी उनके पीछे पड़ी है. इसका जवाब यह है कि एआईएमआईएम प्रमुख पीएम मोदी की मदद करते हैं. उन्होंने एआईएमआईएम पर कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया. हालांकि, कांग्रेस पार्टी पहले से ही ओवैसी को बीजेपी की बी टीम बताती रही है.
‘बीआरएस, बीजेपी और एआईएमआईएम एक साथ’
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीआरएस, बीजेपी और एआईएमआईएम एक साथ काम कर रहे हैं. इसके बाद राहुल अपनी बहन प्रियंका के साथ मल्काजगिरी में एक रोड शो में हिस्सा लिया. इस दौरान प्रियंका ने लोगों से कांग्रेस को तेलंगाना की सत्ता में लाने का आग्रह किया और पार्टी की छह गारंटियों को लागू करने का वादा भी किया.
यह भी पढ़ें- मुझे मां समान माना, हमेशा आपके लिए समर्पित रहूंगीतेलंगाना के लोगों को सोनिया गांधी का भावुक मैसेज
from TV9 Bharatvarsh- Hindi News, Hindi Samachar (समाचार), हिंदी न्यूज़ https://ift.tt/RM8xQrn