
तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार पूरे जोर पर है. इस बीच सोमवार को बीजेपी के एक प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से मुलाकात की है. बीजेपी प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि वो चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन किया. बीजेपी ने कहा कि पिछले दो दिनों से कर्नाटक की कांग्रेस आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और आसपास के राज्यों के अखबारों में तेलुगु भाषा में विज्ञापन छपवा रही है.
बीजेपी नेता भूपेंद्र यादव ने कहा है कि कर्नाटक सरकार आसपास के राज्यों में सरकारी खर्चे पर तेलुगु भाषा में विज्ञापन छपवा रही है. ऐसा करना मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन है. चुनाव आयोग को अधिकार है कि वो आचार संहिता का पालन कराए. हमने चुनाव आयोग से संज्ञान लेने की मांग की है ताकि तेलंगाना कांग्रेस कमिटी के खिलाफ कार्रवाई करे.
यह भी पढ़ें- KCR को पीएम मोदी ने कहा फॉर्म हाउस मुख्यमंत्री, बोले- तेलंगाना पर अंधविश्वास का ठप्पा लगा दिया
वहीं, बीजेपी नेता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने मांग की है कि चुनाव आयोग कर्नाटक सरकार और तेलंगाना कांग्रेस के खिलाफ कार्रवाई करे. बीजेपी के प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ-साथ पूर्व मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, पार्टी नेता सुधांशु त्रिवेदी और अन्य लोग शामिल थे.
तेंलगाना में 30 नवंबर को वोटिंग
बता दें कि तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए 30 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. इस बार के चुनाव में सत्तारूढ़ बीआरएस का मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के साथ है. बीआरएस को उम्मीद है कि वो एक बार फिर से सत्ता में वापसी करेगी, लेकिन बीजेपी और कांग्रेस पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरी हुई है. बीजेपी की ओर से पीएम मोदी के साथ-साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत कई दिग्गज मोहड़ा संभाले हुए हैं.
बीजेपी ने मुकाबले को त्रिकोणीय बनाया
राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो बीजेपी के बड़े नेताओं की ओर से ताबड़तोड़ रैलियों ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है और वो किंगमेकर की भूमिका में भी नजर आ सकती है. हालांकि, आखिरी फैसला जनता को करना है. वोटिंग के बाद 3 दिसंबर को काउंटिंग होगी और नतीजे सामने आएंगे.
यह भी पढ़ें- तेलंगाना में कांग्रेस और बीआरएस के बीच मुकाबले को बीजेपी ने बनाया त्रिकोणीय, किंग से पहले किंगमेकर बनने का प्लान
from TV9 Bharatvarsh- Hindi News, Hindi Samachar (समाचार), हिंदी न्यूज़ https://ift.tt/CGRIZlM