
अमेरिका के बर्लिंगटन में फिलिस्तीनी मूल के तीन युवकों को गोली मार दी गई है. पुलिस ने कहा है कि यह हेट क्राइम हो सकता है. फिलहाल तीनों युवक अस्पताल में भर्ती हैं, जिसमें एक की हालत बेहद नाजुक है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है. बता दें, इजराइल और हमास के बीच पिछले एक महीने से भी ज्यादा समय से जंग जारी है. इसमें अब तक 14 हजार से अधिक फिलिस्तीनी लोगों की मौत हो गई है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार शाम को अमेरिका के बर्लिंगटन शहर, वर्मोंट में तीन फिलिस्तीनी कॉलेज छात्रों को गोली मार दी गई. जानकारी के अनुसार, छात्र बर्लिंगटन में एक रिश्तेदार से मिलने के बाद प्रॉस्पेक्ट स्ट्रीट पर घूम रहे थे.
ये भी पढ़ें: वेस्ट बैंक में पकड़े गए दो इजराइली ‘जासूस’, फिलिस्तीनियों ने दी मौत
एक छात्र की हालत गंभीर
रिपोर्ट के मुतबिक, रविवार को पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, घायलों को इलाज के लिए वर्मोंट मेडिकल सेंटर विश्वविद्यालय ले जाया गया. जहां दो की हालत स्थिर है, जबकि एक की हालत गंभीर है. पुलिस ने कहा कि हमलावर ने बिना कुछ बोले चार गोलियां चलाईं और पैदल ही भाग गया. उन्होंने बताया कि दो छात्रों ने केफियेह (पारंपरिक फिलिस्तीनी स्कार्फ) पहना था.
बैलिस्टिक सबूत बरामद
इसके अलावा, बर्लिंगटन पुलिस के अनुसार, जांच में घटनास्थल से बैलिस्टिक सबूत बरामद किए गए हैं, जिन्हें डेटाबेस में जमा किया जाएगा. वहीं एफबीआई ने रविवार को कहा कि वह घटना की जांच के लिए तैयार है. सीएनएन के अनुसार, शूटर की अभी तक पहचान नहीं की गई है या उन्हें पकड़ा नहीं गया है और पुलिस इस अपराध की जांच के शुरुआती चरण में है.
हमलावर को पकड़ने की मांग
एक संयुक्त बयान में, पीड़ितों के परिवारों ने कानून प्रवर्तन से हमले की हेट क्राइम के रूप में जांच करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा जब तक हमलावर को न्याय के कटघरे में नहीं लाया जाता, हम सहज नहीं होंगे. उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार को इस दर्द और पीड़ा को कभी नहीं सहना चाहिए. हमारे बच्चे समर्पित छात्र हैं जो अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने और अपना भविष्य बनाने में सक्षम हैं.
ये भी पढ़ें: असम के छात्रा पर ऑस्ट्रेलिया में जानलेवा हमला, कोमा में पहुंचा
इस बीच, इंस्टीट्यूट फॉर मिडिल ईस्ट अंडरस्टैंडिंग ने एक बयान जारी किया और पीड़ितों की पहचान रोड आइलैंड में ब्राउन यूनिवर्सिटी के छात्र हिशाम अवतानी के रूप में की. वहीं तीसरा छात्र पेनसिल्वेनिया के हैवरफोर्ड कॉलेज का किन्नन अब्दालहामिद है.
अमेरिका में बढ़ा अपराध
ट्रिनिटी कॉलेज के छात्र तहसीन अहमद ने बताया कि यह घटना पिछले कुछ हफ्तों में अमेरिका में बढ़े तनाव और घृणा अपराधों के बीच हुई है, क्योंकि हमास ने 7 अक्टूबर को इजराइल पर हमला किया था, जिसके जवाब में इजराइल ने गाजा पट्टी पर हवाई हमले किए थे. इससे पहले अक्टूबर में, एक 6 वर्षीय फिलिस्तीनी-अमेरिकी लड़के की उसके परिवार के मकान मालिक ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी, हालांकि, सीएनएन के अनुसार, अधिकारियों ने इसे हेट क्राइम कहा था.
from TV9 Bharatvarsh- Hindi News, Hindi Samachar (समाचार), हिंदी न्यूज़ https://ift.tt/lLMbe3V