40 की उम्र के बाद हड्डियां हो जाती हैं कमजोर, जानें इनको कैसे रखें मजबूत

हड्डियां हमारे शरीर में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, ये हमारे शरीर की ऐसी जरूरत है जिस पर शरीर की इमारत खड़ी है, इसलिए इसका स्वस्थ रहना उतना ही जरूरी है जितना शरीर के बाकी अंगों क, लेकिन बढ़ती उम्र का अगर सबसे ज्यादा असर पड़ता है तो वो हमारी हड्डियां पर ही पड़ता है लेकिन दुर्भाग्य ये है कि ये असर हमें दिखाई नहीं देता. इसलिए लोग इस ओर ज्यादा ध्यान नहीं देते और ये असर बदतर होता जाता है जिससे हमें आगे चलकर खामियाजा उठाना पड़ता है.

मायो क्लिनिक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हमारे शरीर की बनावट में हड्डियों का अहम योगदान है और ये हड्डी प्रोटीन के रेशों पर कैल्शियम के जमा होने से बनती हैं और प्रोटीन के रेशों पर कैल्शियम जमाने का काम हमारे शरीर में विटामिन डी का होता है, जब हमारे शरीर में विटामिन डी की कमी होती है तो प्रोटीन के ये रेशे कमजोर होने लगते है जिससे इंसान को ऑस्टियोपेनिया और ऑस्टियोपोरोसिस की समस्या होने लगती है. इस अवस्था में हमारे शरीर की हड्डियां इतनी कमजोर हो जाती हैं कि जरा से झटके से इसके टूटने का खतरा बना रहता है.

क्या कहते हैं एक्सपर्ट

अपोलो हॉस्पिटल के सीनियर ऑर्थोपेडिक सर्जन और जाइंट रिप्लेसमेंट एंड स्पाइन सर्जरी एक्सपर्ट डॉ यश गुलाटी की माने तो ये समस्या 40 की उम्र में पुरूषों के मुकाबले महिलाओं में ज्यादा देखी जाती है, और खासकर महिलाओं में ये समस्या उनके मेनोपॉज शुरू होने से पहले ज्यादा होती है, मेनोपॉज वो अवस्था है जब महिलाओं में पीरियड आना बंद हो जाते हैं और ये ज्यादातर महिलाओं में 40-45 साल की उम्र में देखा जाता है.

कैसे करें बचाव

एक्टिव रहें

डॉ गुलाटी कहते हैं कि अगर आपको अपनी हड्डियों को कमजोर होने से बचाना है तो अपनी एक्टिविटी में कमी मत लाइए, बल्कि रोजाना एक्सरसाइज करें.

कैल्शियम, विटामिन डी युक्त डाइट लें

हड्डियों की मजबूती के लिए कैल्शियम और विटामिन डी बेहद ही जरूरी पोषक तत्व है. इनकी कमी से हमारे शरीर में ऑस्टियोपेनिया और ऑस्टियोपोरोसिस की समस्या हो सकती है, इसलिए बढ़ती उम्र के साथ अपनी डाइट में कैल्शियम और विटामिन डी का इनटेक बढ़ा दें, जैसा कि आप जानते है कि विटामिन डी हमारे शरीर को सूर्य की किरणों से सबसे ज्यादा मिलता है तो रोजाना धूप में बैठें. साथ ही कैल्शियम युक्त आहार का सेवन करे. इसके लिए आप दूध, दही, पनीर, हरी सब्जियां, सोया मिल्क और बीन्स का सेवन कर सकते हैं.

मोटापा कम करें

डॉक्टर का कहना है कि आपका मोटापा भी आपकी हड्डियां कमजोर कर सकता है क्योंकि आपके वजन के भार को आपकी हड्डियों को ही झेलना है. इसके लिए आप जितना कम अपना वजन रखेंगे उतना ही कम भार आपकी हड्डियों पर पड़ेगा.

स्मोकिंग और अल्कोहल को न कहें

स्मोकिंग और अल्कोहल दोनों ही हमारे हड्डियों के स्वास्थ्य पर बुरा असर डालती हैं. इसलिए अगर बढ़ती उम्र के साथ अपनी हड्डियों को हेल्दी रखना चाहते है तो स्मोकिंग और अल्कोहल की मात्रा को कम कर दें तो बेहतर होगा.

कृपया ध्यान दें कि इन सुझावों को लेकर अपने डॉक्टर से परामर्श करना हमेशा अच्छा होता है, क्योंकि व्यक्तिगत स्वास्थ्य और डायबिटीज के स्तर पर इन्हें बदला जा सकता है।

from TV9 Bharatvarsh- Hindi News, Hindi Samachar (समाचार), हिंदी न्यूज़ https://ift.tt/E4zCcnY