भारत-ऑस्ट्रेलिया टी20 सीरीज हो क्यों रही है? वर्ल्ड कप 2023 जीतने वाला खिलाड़ी बोला- ये हैरान करने वाला है

19 नवंबर…वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल, भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला. ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हराया. अब 23 नवंबर और भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज का आगाज. वर्ल्ड कप खत्म होने के महज 4 दिन बाद इस टी20 सीरीज के आगाज से पहले ही इसपर सवाल उठाए गए हैं. ये सवाल भी ऑस्ट्रेलिया के वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ी मार्नस लाबुशेन ने उठाया है. लाबुशेन खुद तो वर्ल्ड कप जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुके हैं लेकिन वो अपने साथी खिलाड़ियों के लिए चिंतित हैं जो कि इतने कम समय में एक और सीरीज खेलने वाले हैं. लाबुशेन ने ऑस्ट्रेलियाई चैनल से बातचीत में कहा कि इस टी20 सीरीज का आयोजन सच में हैरान करने वाला है.

मार्नस लाबुशेन ने फॉक्स स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा, ‘ ये हैरान करने वाला है कि कल (23 नवंबर) एक और मैच होने वाला है. ये समझना काफी मुश्किल है. लेकिन शेड्यूल ही ऐसा है. इस समय क्रिकेट का यही नेचर है. वैसे पाकिस्तान के खिलाफ पहला टेस्ट शुरू होने से पहले हमारे पास तीन हफ्ते हैं.

भारत-ऑस्ट्रेलिया टी20 सीरीज

बता दें भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज होनी है. पहला मैच विशाखापट्टनम में खेला जाएगा. वैसे आपको बता दें टीम इंडिया ने इस सीरीज के लिए अपनी बी टीम मैदान में उतारी है जिसके कप्तान सूर्यकुमार यादव हैं. वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान भी मैथ्यू वेड के हाथों में है. हालांकि ऑस्ट्रेलिया के 5 वर्ल्ड कप विनर खिलाड़ी इस टी20 सीरीज में खेलने वाले हैं. वहीं डेविड वॉर्नर ने आखिरी वक्त पर इस सीरीज को नहीं खेलने का फैसला किया है. यही वजह है कि लाबुशेन इस तरह के सवाल खड़े कर रहे हैं.

लाबुशेन का जलवा

बता दें वर्ल्ड कप 2023 में लाबुशेन को किस्मत से मौका मिला था. खिलाड़ियों की चोट की वजह से वो स्क्वाड से लेकर प्लेइंग इलेवन में पहुंचे. गजब की बात ये देखिए कि फाइनल में उन्होंने नाबाद अर्धशतक लगाकर ऑस्ट्रेलिया को जीत भी दिलाई. ट्रेविस हेड के साथ उनकी शतकीय साझेदारी ने ऑस्ट्रेलिया को छठी बार वर्ल्ड चैंपियन बना दिया.

from TV9 Bharatvarsh- Hindi News, Hindi Samachar (समाचार), हिंदी न्यूज़ https://ift.tt/7krlzd4